
नईदिल्ली, १५ अगस्त । सरकार ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को विभिन्न केंद्रीय और राज्य बलों के 954 पुलिस कर्मियों को सेवा पदक देने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार 230 कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसमें वीरता के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएमजी) भी शामिल है। पीपीएमजी का इकलौता पदक सीआरपीएफ के अधिकारी लौखरकपम इबोम्चा सिंह को दिया जाएगा। सेवा में रहते हुए यह उनका दूसरा वीरता पदक है। अन्य पदकों में विशिष्ट सेवा के लिए दिए जाने वाले 82 राष्ट्रपति पुलिस पदक और उल्लेखनीय सेवा के लिए दिए जाने वाले 642 पुलिस पदक शामिल हैं। वीरता के लिए सबसे अधिक 55 पुलिस पदक की घोषणा जम्मू कश्मीर पुलिस के लिए की गई है।इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस को 33, सीआरपीएफ को 27 और छत्तीसगढ़ पुलिस को 24 पदक दिए जाएंगे। ये पदक साल में दो बार स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर घोषित किए जाते हैं। वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) या नक्सली हिंसा प्रभावित राज्यों में तैनात कर्मियों के लिए सर्वाधिक 125 वीरता पदक घोषित किए गए हैं। इसके अलावा जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में तैनात कर्मियों के लिए 71 वीरता पदक घोषित किए गए हैं। वीरता के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएमजी) और वीरता के लिए पुलिस पदक (पीएमजी) जीवन और संपत्ति को बचाने, अपराध को रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने में विशिष्ट वीरता के प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया जाता है। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम) पुलिस सेवा में उत्कृष्ट रिकार्ड के लिए प्रदान किया जाता है। सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक (पीएम) कर्तव्य के प्रति बेहद समर्पित सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।20 सीबीआई अधिकारियों-कर्मियों को पुलिस पदक सीबीआई के 20 अधिकारियों-कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
छह अधिकारियों संयुक्त निदेशक नवल बजाज, एसपी वीरेंद्र मोहन मित्तल, एएसपी महर्षि रे हाजोंग, डीएसपी नीलांबुर नारायणन श्रीकृष्णन और एसआई गीता पाल और राजेश्वर सिंह राणा को राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। चौदह सीबीआई अधिकारी एएसपी नवाराजू वेल्लादुरई, राजबीर सिंह, डीएसपी मीनू कटारिया, अजय कुमार मिश्रा, टी संतोष कुमार और अनिल बिष्ट, एएसआइ राकेश कुमार शर्मा, किशोर कुमार और किशन चंद, हेड कांस्टेबल महादेव मिस्त्री और हरदेव सिंह, कांस्टेबल चंद्र शेखर जोशी, वरिष्ठ लोक अभियोजक सुरेश कुमार और स्टेनोग्राफर नारायणन मीनाक्षी को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक मिलेगा।

























