हिसार, ११ अगस्त ।
प्रदेश में शनिवार दोपहर बाद मूसलाधार बारिश हुई। यमुनानगर की सोम नदी का पानी शहरी इलाकों में घुस गया है। वहीं हिसार के ऋषि नगर में पहले से जमीन धंसने के बाद बारिश का पानी ज्यादा भरने पर बिल्डिंग का एक हिस्सा गिर गया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।बिल्डिंग गिरने से पहले प्रापर्टी डीलर के कार्यालय को सुभाष ने खाली कर दिया गया था। प्रदेश में रविवार को भी कई जिलों में बारिश के आसार है। इस बारिश से तापमान में गिरावट हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार विज्ञानियों ने प्रदेश में बारिश की संभावना व्यक्त की थी। इसको लेकर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया था। सुबह से उमस ज्यादा होने के कारण हिसार सहित अन्य जिलों के लोग परेशान थे।
दोपहर बाद अचानक से मौसम में परिवर्तन हुआ और शाम पांच बजे हल्की बारिश हुई। बारिश रुकने के कुछ देर बाद फिर से तेज बारिश हुई। हिसार की सडक़ों पर पानी भर गया। प्रदेश के सिरसा, करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र आदि जिलों में बारिश का आंकड़ा रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञानियों ने अब रविवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसमें मुख्य रूप से यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, भिवानी, चरखी दादरी आदि जिले शामिल हैं। प्रदेश के 22 जिलों में अगस्त माह के दस दिनों में अभी तक सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। अभी तक सभी जगह पर 53.9 एमएम वर्षा होनी थी लेकिन इस दिनों में 76.7 एमएम वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। इसमें फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, पलवल, पंचकूला, पानीपत में सामान्य से कम वर्षा हुई है।