
वायनाड, १३ फरवरी । वरिष्ठ कांग्रेस नेता और वायनाड सांसद राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में एक हाथी के हमले में एक 42 वर्षीय आदमी की मौत को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन को एक पत्र लिखकर ऐसी मौतें रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाने की अपील की है। वहीं, केरल विधानसभा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ने भी पशु-मानव संघर्ष के विषय पर चर्चा के लिए सदन से वॉकआउट किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को केरल के मुख्यमंत्री विजयन को पत्र लिखकर शनिवार को वायनाड में एक जंगली हाथी के हमले में मारे गए एक स्थानीय निवासी को लेकर चिंता जताई और कहा कि राज्य सरकार को इन समुदायों को बचाने के लिए कोई प्रभावशाली त्वरित कार्रवाई प्रणाली बनानी चाहिए। अपने पत्र में पयमपल्ली के अजीश पनाचियिल की मौत पर स्तब्धता जताते हुए कहा कि वह अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के हमलों, खासकर जंगली हाथियों के हमलों की घटनाएं आम हो गई हैं। इन हमलों से किसानों को भी बहुत नुकसान होता है। इसी बीच, केरल विधानसभा में कांग्रेस नेता और कलपेट्टा विधायक टी.सिद्दीकी ने स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर कहा कि केरल के उत्तरी जिले में ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं का सिलसिला चल पड़ा है। सरकारी मशीनरी ऐसे हादसों को रोकने में विफल रही है।





















