पेशावर, 31 जुलाई। भारत से पाकिस्तान जाकर अपने फेसबुक फ्रेंड से निकाह करने वाली अंजू थामस उर्फ फातिमा पर तोहफों की बारिश की जा रही है। दो बच्चों की मां अंजू ने इस्लाम कुबूल करके अपना नाम फातिमा रख लिया है। इसलिए पाकिस्तान के एक कारोबारी ने उसके 29 साल के आनलाइन प्रेमी और अब शौहर नसरुल्लाह के घर जाकर नवदंपती को जमीन और रकम की सौगात दे दी।खैबर पख्तूनख्वा की एक रियल स्टेट कंपनी के सीईओ मोहसिन खान अब्बासी शनिवार को अंजू (अब फातिमा) और नसरुल्लाह के घर मिलने गए। उन्होंने नसरुल्लाह की मौजूदगी में अंजू को 50 हजार पाकिस्तानी रुपये का एक चेक दिया और अंजू के नाम की गई एक जमीन के दस्तावेज सौंपे। अंजू से फातिमा बनी महिला को नया विवाहित जीवन शुरू करने के लिए करीब 2722 वर्ग फीट (दस मार्ला) का प्लाट भेंट किया गया है। उसे इस्लाम कुबूल करने का इनाम बताते हुए अब्बासी ने कहा कि इससे वह पाकिस्तान में अपने घर जैसा महसूस करेगी। अब्बासी ने कहा कि अंजू भारत की सीमा पार करके इतनी दूर से पाकिस्तान आई हैं। उन्होंने इस्लाम कुबूल करके अपना नया वैवाहिक जीवन शुरू किया है। हम उनका हमारे धर्म में स्वागत करना चाहते हैं और उनके निकाह के लिए उन्हें बधाई देने आए हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के जालौन के कैलोर गांव में जन्मी अंजू जुलाई की शुरुआत तक राजस्थान के अलवर जिले में अपने पति अरविंद डेविड और दो बच्चों के साथ रह रही थी। वह घर पर जयपुर जाने का बहाना करके 30 दिन के वीजा पर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित अपर दिर अपने प्रेमी से मिलने पहुंच गई। 25 जुलाई को अंजू और नसरुल्लाह ने शादी कर ली।