नई दिल्ली। चंद्रयान -3 की सफलता के बाद भारत अब अंतरिक्ष के क्षेत्र में और बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। जल्द ही वह अंतरिक्ष से जुड़े अपने चार और मिशनों को अंजाम देगा। जिसमें अंतरिक्ष में स्थापित होने वाला पहला अंतरिक्ष स्टेशन भी शामिल है। जो दिसंबर 2028 तक स्थापित हो जाएगा। इसके साथ ही अंतरिक्ष में अपना स्टेशन स्थापित करने वाला भारत दुनिया का तीसरा देश बन जाएगा। मौजूदा समय में अंतरिक्ष में दो ही स्टेशन है। इनमें पहला स्टेशन अमेरिका, रूस व यूरोपीय देशों के सहयोग से स्थापित है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्टेशन कहा जाता है, जबकि दूसरा स्टेशन चीन का है।
अंतरिक्ष से जुड़े चार प्रमुख प्रस्तावों में मंजूरी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े चार प्रमुख प्रस्तावों में मंजूरी दी गई। इनमें सबसे अहम पहला अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना और गगनयान फॉलो-ऑन मिशन शामिल है। इस पर कुल 20, 193 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
36 महीने में पूरा होगा मिशन
कैबिनेट ने इसके साथ चंद्रयान-4 मिशन को भी अपनी सहमति दे दी है। जो न सिर्फ चंद्रमा पर उतरेगा बल्कि वहां से कुछ चीजें लेकर सुरक्षित वापस भी लौटेगा। मिशन को अगले 36 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।