
कोरबा। बिजली तार टूटने और खंभे क्षतिग्रस्त होने पर दो दिन से 12 से अधिक गांवों में बिजली नहीं है। समय पर मेंटेनेंस नहीं होने से उपभोक्ता परेशान ।हैं हालांकि प्रभावित आधे से ज्यादा गांवों में अधिकारी बिजली सप्लाई बहाल करने का दावा जरूर किया है। साथ ही यह भी बताया कि शनिवार देर शाम तक बचे दो गांवों में भी बिजली सप्लाई कर देंगे। बीते गुरुवार की शाम अंधड़ व बारिश के कारण बिजली वितरण कंपनी बरपाली के तुमान फीडर के 12 से अधिक गांवों में बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। इसका कारण 13 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त होने और तार टूटना रहा। प्रभावित क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि दो दिन पहले अंधड़ व बारिश के कारण खंभे व तार टूटने से बिजली बंद हो गई है, लेकिन समय पर क्षतिग्रस्त खंभे बदलकर मेंटेनेंस का काम नहीं होने से परेशानी बनी हुई है और शाम होने के बाद गांवों में अंधेरा छा जाता है।
बरपाली सब-स्टेशन के नजदीक गांव बरपाली में ही दूसरे दिन बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई थी, लेकिन वहां भी बार-बार पॉवरकट से उपभोक्ता परेशान रहे। प्री-मानसून मेंटनेंस के बाद अब अंधड़ व बारिश के कारण क्षतिग्रस्त खंभे और तार टूटने पर मेंटेनेंस में देरी के कारण समय पर बिजली की सप्लाई नहीं हो पाती है। इससे वितरण कंपनी बरपाली के तुमान, सराईडीह, पकरिया, बंधवाभांठा, सलिहाभांठा, डोंगरी, संडेल, कटबितला समेत आसपास गांवों में बिजली सप्लाई बाधित है।
समय पर नहीं होता मेंटेनेंस, देरी के कारण परेशानी: जनपद सदस्य बरपाली के जनपद सदस्य राजू खत्री ने बताया कि दो दिन पहले बिजली सप्लाई बाधित हुई है, लेकिन मेंटेनेंस में देरी के कारण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा है। सब-स्टेशन के नजदीक गांव बरपाली में ही दूसरे दिन बिजली सप्लाई हो पाई, लेकिन बार-बार पॉवरकट की समस्या अभी भी है।














