
भुवनेश्वर। नौकरशाह से बीजद नेता बने वीके पांडियन ने शुक्रवार को झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में एक रैली को संबोधित किया। पांडियन संबोधन देते हुए कहा कि अगर बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक विधानसभा चुनाव के बाद लगातार छठी बार ओडिशा के मुख्यमंत्री नहीं बने तो वह राजनीति छोड़ देंगे।ये बयान पांडियन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनौती देते हुए दिया। पांडियन ने ये भी दावा किया कि भाजपा उन्हें पटनायक का गुमस्थ (क्लर्क) या चमचा (आज्ञाकारी सेवक) कहती है।
पांडियन ने कहा कि बीजेपी ओडिशा में बीजेपी की लहर है और बदलाव की लहर का दावा करती है, लेकिन मैं कहता हूं कि अगर मुख्यमंत्री दोबारा सीएम नहीं बने तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।उन्होंने कहा कि आप केंद्रीय मंत्री हैं और यदि आप में साहस है, तो घोषणा करें कि यदि भाजपा ओडिशा में सत्ता में नहीं आई तो आप भी राजनीति छोड़ देंगे।
बीजद नेता पांडियन ने कहा कि धर्मेंद प्रधान ने ओडिशा के लोगों के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने 10 साल तक ढेंकनाल में चुनाव लडऩे की कोशिश की और अंत में संबलपुर चले गए।उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 मई को कहा था कि 4 जून को ओडिशा में बीजद सरकार की समाप्ति तिथि है और 10 जून को भाजपा मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएगी।पांडियन ने दावा किया कि बीजद ओडिशा में तीन-चौथाई बहुमत से चुनाव जीतेगी और पटनायक 9 जून को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे के बीच मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।




























