अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को लिया अपनी चपेट में-एक युवक की घटनास्थल पर हुई मृत्यु

कोरबा । कोरबा जिले के ग्राम सुतर्रा-बगदेवा बायपास सडक़ पर दर्दनाक सडक़ हादसे में एक अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई वहीं अन्य दूसरे युवक की हालत गंभीर होने पर उसे कोरबा जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया।मिली जानकारी अनुसार कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी बृजपाल सिंह कंवर पिता किताब सिंह कंवर उम्र 21 वर्ष अपने मित्र जीत नारायण के साथ शाम 5 बजे कटघोरा की ओर अपने घर से किसी निजी कार्य से निकला था। बृजपाल व उसका साथी रात्रि लगभग 1:30 बजे अपने घर लौट रहे थे, उसी बीच ग्राम सुतर्रा-बगदेवा बायपास मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया जिससे इस घटना में मोटरसाइकिल सवार बृजपाल सिंह कंवर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई वही जीत नारायण नामक दूसरे व्यक्ति को गंभीर चोट आई। घटना की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची तथा घटना में मृतक के शव व घायल को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां घायल जीत नारायण का प्राथमिक उपचार करने के पश्चात उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोरबा जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है। फिलहाल कटघोरा पुलिस अज्ञात वाहन पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही कर रही है।

RO No. 13467/11