अधिकांश समय स्वीमिंग पुल में लटका रहता है ताला, समय बढ़ाने की मांग

चांपा । सुबह 7 से 11 बजे तक स्वीमिंग पुल खुल रहा है, इसके बाद दिनभर स्वीमिंग पुल में ताला लटक जा रहा है। एक माह बाद ही गर्मी का सीजन शुरू हो जाएगा। जाहिर है गर्मी के दिनों में भीड़ बढ़ेगी पर पर्याप्त समय नहीं होने पर लोगों को मायूस होना पड़ेगा।गौरतलब है कि आठ साल के लंबे इंतजार के बाद जाकर शहर के कलेक्टोरेट बाइपास में बने 13 अगस्त 2022 को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा भरोसे के सम्मेलन के दौरान आम जनता को समर्पित किया था। लोकार्पण के बाद नगरपालिका को इसके संचालन के लिए एजेंसी तय करना था। लेकिन लोकार्पण के बाद पांच माह गुजर जाने के बाद भी एजेंसी तय नहीं हो पाई है। इसके चलते जहां न तो लोगों को पूरे समय स्वीमिंग करने का लाभ मिल पा रहा है और न ही पालिका को आय प्राप्त हो रही है। एजेंसी तय हो जाने से नपा को सीधे-सीधे राजस्व आय मिलता।
डिपाजिट जमा करने के बाद संचालन करने नहीं आ रही एजेंसी
लोकार्पण के बाद नपा के द्वारा एजेंसी तलाशने के लिए टेंडर निकाला था। इसमें बिलासपुर की एक एजेंसी भी तय हो गई थी। एजेंसी के द्वारा नपा में डिपाजिट भी जमा करा दिया गया है लेकिन इसके बाद एजेंसी संचालन के लिए आज-कल कहते हुए टालते आ रही है। नपा के द्वारा कई बार संचालन शुरू करने के बाद भी टाल-मटोल किया जा रहा है। पर्याप्त समय देने के बाद भी एजेंसी काम करने तैयार नहीं हो रही है। ऐसे में नपा के द्वारा एजेंसी को हटाकर नए एजेंसी के लिए दोबारा टेंडर निकालने की तैयारी की जा रही है।
संचालन एजेंसी को नाम्र्स पालन करना जरूरी
स्वीमिंग पुल संचालन के लिए कई जरूरी नाम्र्स रखे गए हैं जिसका पालन करते हुए ही संचालन करना है। प्रशिक्षित ट्रेनरों के अलावा सेफ्टी और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम अनुबंध में शामिल है। वहीं जिस कंडीशन में स्वीमिंग पुल का संचालन दिया जाएगा, उसी कंडीशन में संचालन छोड़ते समय भी होना चाहिए। घाटे का डर और कई तरह के अन्य शर्ते भी है जिसे लेकर शायद एजेंसियां संचालन करने सामने नहीं आ रही है।
बिलासपुर की एक एजेंसी तय की गई है। डिपॉजिट भी जमा कराया जा चुका है लेकिन एजेंसी के द्वारा संचालन शुरू नहीं किया जा रहा है। हमारी ओर से पर्याप्त समय दिया जा चुका है। जल्द ही संचालन शुरू नहीं करने की स्थिति में दोबारा टेंडर निकालने की कार्रवाई करेंगे।
चंदन शर्मा, सीएमओ

RO No. 13467/11