
कोरबा। कोरबा की मानिकपुर पुलिस ने एक हिस्ट्रीसीटर आरोपी राहुल साहू के कब्जे से 11 स्पोर्ट्स साइकिल और एक बाइक बरामद की है। रेलवे कॉलोनी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। चोरी के मामले में आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
अपराध नियंत्रण को लेकर किए जा रहे सभी प्रकार के दावों के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में चोरी से लेकर अन्य अपराध हो रहे हैं। एक अरसे में कोरबा के न्यू रेलवे कॉलोनी बुधवार अमरिया सहित आसपास के क्षेत्र से काफी संख्या में स्पोर्ट्स साइकिल और अन्य चीजों की चोरी कर ली गई। पीडि़तों के द्वारा इस बारे में मानिकपुर पुलिस को अवगत कराया गया था जिसे जांच पड़ताल की कड़ी में बालको नगर के भदरापरा निवासी राहुल भूपेश साहू को कोरबा के न्यू रेलवे कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि उसके पास से 11 स्पोर्ट्स साइकिल और एक बाइक बरामद हुई है।
हिस्ट्रीशीटर आरोपी राहुल भूपेश साहू के पास से जो सामान मिला है उसकी कीमत लाखों बताई गई है। उसकी पहचान आसपास के क्षेत्र में शातिर चोर के तौर पर बनी हुई है जो बेहद सधे हुए अंदाज में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। पुलिस ने बताया कि चोरी के और मामलों को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

























