अब कांग्रेस नेता कह रहे नहीं हो रहा विकास, अपनी सरकार के खिलाफ उठा रहे आवाज, जयराम ठाकुर का बड़ा हमला

थुनाग, २१ नवंबर । पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष नेता जयराम ठाकुर ने कहा कि अब तो कांग्रेस के नेता भी खुलकर कहने लगे हैं कि सरकार में विकास के काम नहीं हो रहे हैं। इसलिए वे अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। कभी विधायक और कभी कांग्रेस नेता अपनी सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। यह सामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विकास न किए जाने से स्थानीय नेता पर भी दबाव बनता है। लोग स्थानीय और जनता के बीच रहने वाले लोगों से ही सवाल करते हैं। ऐसे में पार्टी के नेता और पदाधिकारियों के पास कोई विकल्प नहीं बचता है कि वे अपनी सरकार के खिलाफ आवाज उठाएं या अपने पद छोड़ दें। जयराम ठाकुर सोमवार को मंडी दौरे पर रहे। सबसे पहले वह करसोग और चिंडी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले और उसके बाद सराज क्षेत्र के मझाखल गांव पहुंचे और अग्निकांड के पीडि़तों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह सरकार की नाकामी है। महज दस माह के कार्यकाल में ऐसी स्थिति आना दु:खद है। अभी कुछ ही नेता सरकार के खिलाफ मुखर हैं।आने वाले दिनों में यह संख्या और बढऩे वाली है। माताओं व बहनों से 1500 रुपए दिलवाने के नाम पर फार्म स्थानीय नेताओं ने ही भरवाए थे। उन नेताओं और पदाधिकारियों का उन लोगों से नजऱें मिलाना मुश्किल हो रहा है। जयराम ठाकुर ने अग्निकांड के कारण अपना घर खोने वाले प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें राहत सामग्री वितरित की ।

RO No. 13467/11