
किशनगंज/अररिया। समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अररिया और किशनगंज में रहे। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर चुके मुख्यमंत्री ने अररिया की सभा में लोगों से पूछा-बताइए, सब अच्छा रहेगा न।
मंचासीन उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री लेसी सिंह की तरफ इशारा करते हुए कहा, अब ई सब लोग मिलकर काम करेंगे। फिर वरिष्ठ नेताओं को आगे बुलाकर लोगों से कहा, हथवा उठा के (हाथ उठाकर) बताओ-जरा ठीक है न। लोगों ने हाथ उठाकर कहा, हां…। भीड़ से यह भी आवाज साथ-साथ आई कि आप बिहार पर ध्यान देते रहिएगा। नीतीश कुमार जिंदाबाद…।
बिहार आगे भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगा
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोर्चा संभाला, कहा कि न्याय से लेकर समृद्धि यात्रा तक एनडीए नीतीश कुमार के साथ रहा और आगे भी है। बिहार आगे भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगा।
विजय चौधरी ने कहा कि सीएम की शुरू से ही खासियत रही है कि ये वादा करने के बाद उसे पूरा कर ही छोड़ते हैं। कार्यकाल बढ़ने के साथ इनकी लोकप्रियता बढ़ती गई। जनता का उन्होंने आह्वान किया-सीएम के नेतृत्व में आने वाली सरकार को भी आप लोग ताकत दें, उसकी मदद करें।






























