ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने राज्य में बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का आकलन करने के लिए गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव धर्मेन्द्र भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित जिलों में सड़क सम्पर्क को शीघ्र बहाल करने के महत्व पर बल दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘बाढ़ और भूस्खलन के कारण टूटी सड़कों की शीघ्र बहाली आवश्यक सेवाओं और सहायता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है।’ सीएम ने सुदूर कुरुंग कुमेय जिले में पारसी-पार्लो से कोलोरियांग तक महत्वपूर्ण सड़क संपर्क को तत्काल बहाल करने के लिए विशेष धनराशि आवंटित की, जिसमें कुमेय नदी पर पुल भी शामिल है। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘पुनर्स्थापना योजना तैयार की जानी चाहिए और बिना किसी देरी के क्रियान्वित की जानी चाहिए। कुरुंग कुमे क्षेत्र और लगातार बारिश के कारण कट गए अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों में तत्काल बहाली का काम शुरू किया जाना चाहिए।’