
नईदिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी ने असम के उत्तर कछार पर्वतीय स्वायत्त परिषद में जीत हासिल की है। पार्टी ने 28 में से 25 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी हमेशा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की उनकी कड़ी मेहनत के लिए सराहना करता हूं। पीएम मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए इस जीत के लिए दीमा हसाओ के लोगों का आभार भी जताया है। सीएम सरमा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा क जनता ने प्रचंड जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर कछार पर्वतीय स्वायत्त परिषद के चुनाव पीएम मोदी के विकासात्मक एजेंडे पर उनके असीम विश्वास की पुष्टि है।सीएम सरमा ने आगे कहा कि इस खूबसूरत क्षेत्र में करीब 35 प्रतिशत लोग ईसाई समुदाय के हैं। उनका आशीर्वाद सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास की सफलता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने इस चुनाव में जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ता को उनकी कड़ी मेहनत के लिए आभार जताया है।मालूम हो कि एनसीएचएसी में 30 सदस्य हैं, जिनमें से 28 निर्वाचित और दो मनोनीत होते हैं। वहीं, 13वीं एनसीएचएसी के लिए मतदान 8 जनवरी को हुआ था और 85.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। मतदान दिमा हसाओ जिले के 22 निर्वाचन क्षेत्रों के 231 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था।





















