
मांडू। मांडू में अहमदाबाद से आए जैन तीर्थ यात्री और पर्यटक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। ऐतिहासिक रूपमती महल के नीचे क्षेत्र में अचानक पर्यटक की तबीयत बिगड़ी। पर्यटक के परिवार को मांडू के अस्पताल की खराब स्थिति की जानकारी मिलने के बाद सीधे नालछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिजन और स्थानीय निवासी ले गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बावीन शाह 48 वर्ष निवासी अहमदाबाद गुजरात अपने स्वजनों और अन्य साथियों के साथ शुक्रवार रात को मांडू पहुंचे थे। मुख्य रूप से वह मांडू स्थित जैन तीर्थ पर दर्शन के लिए आए थे। सुबह दर्शन करने के बाद अपने साथियों के साथ वे रानी रूपमती महल घूमने के लिए गए। इस दौरान रूपमती महल के नीचे क्षेत्र में अचानक उन्हें घबराहट हुई। इस दौरान एक पर्यटक एक अन्य वाहन में एक एयर कंडीशनर चालू कर कुछ देर बैठे। स्वजनों को जानकारी मिलने के बाद तत्काल उन्हें नालछा के अस्पताल ले जाया गया। जहां तीर्थ यात्री पर्यटक को मृत घोषित कर दिया गया। स्वजनों और समाज जनों के साथ तीर्थ यात्रा पर निकले पर गुजरात के इस परिवार के साथ अनहोनी घटना होने के बाद सभी साथीगण बेहद दुखी थे। उनका रो-रो कर बुरा हाल था। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर जोगिंदर डावर ने बताया कि यहां पहुंचने के लगभग 20 मिनट पहले ही बावीन ने दम तोड़ दिया था। हमने यहां उसके बाद भी कोशिश कर स्वजनों को मौत की जानकारी दे दी पर वह नहीं माने। उन्होंने कहा कि हम उन्हें धार किसी बड़े हार्ट स्पेशलिस्ट को दिखाने के लिए यहां से ले जाना चाहते हैं और वह यहां से धार की ओर रवाना हो गए।