
सूरजपुर। सूरजपुर जिले के ओडग़ी विकासखंड के ग्राम पकनी में आंधी-बारिश के बीच आम बीन रही महिला के ऊपर पेड़ की डंगाल टूट कर गिर गई। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शुक्रवार शाम ओडग़ी क्षेत्र में मौसम ने करवट ली। तेज हवाएं चलनी शुरू हुई। उसी दौरान ग्राम पकनी बाजारपारा निवासी गांगी पैकरा (50) आम बीनने के लिए घर के नजदीक आम पेड़ के नीचे पहुंच गई। आंधी के बीच बारिश शुरू हो गई। अचानक पेड़ का मोटा डंगाल टूटकर गांगी पैकरा के ऊपर गिर गया। उसे भागने का भी मौका नहीं मिला। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ग्राम करौटी बी के शिवलोचन प्रजापति का बैल शुक्रवार को तेज आंधी तूफान से उड़ रहे सीट की चपेट में आ गया।घटना में बैल की मौके पर ही मौत हो गई।ओडग़ी विकास खंड क्षेत्र के कई गांवों में शुक्रवार को आंधी बारिश से भारी नुक़सान हुआ है। क्षेत्र के कई गांवों के लोगों के घरों का छप्पर व सीट उड़ गया है। जगह -जगह पेड़ भी धराशाई हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इस सीजन में तेज हवा चलते ही लोग आम बीनने पेड़ के नीचे पहुंच जाते है इससे ऐसी घटना की संभावना बनी रहती है। गाज गिरने की घटना में भी लोगों की असमय जान चली जाती है।




























