
जालंधर-मोगा, २9 जनवरी ।
पंजाब के अमृतसर जिले में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर प्रहार के विरोध में विभिन्न संगठनों के बंद के आह्वान पर मंगलवार को राज्य के मोगा, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, फगवाड़ा सहित कई शहरों में बंद रहा। बंद का असर शहरों के अलावा मुख्य कस्बों तक देखने को मिला।सुबह दुकानें खुलीं परंतु संगठनों ने बंद करवा दीं। बंद में सडक़ों पर प्रदर्शन से जाम लगने से यातायात प्रभावित रहा जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। बैंकों, स्कूल-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों में भी काम प्रभावित हुआ। कुछ स्कूल बंद रहे तथा जो बच्चे स्कूल गए, उन्हें परेशानी सामना करना पड़ा।इंडस्ट्री में लेबर भी कम पहुंची। दिनभर कुछ घंटे बंद रहने के बाद सायं होते-होते दुकानें फिर खुल गईं और यातायात फिर चल पड़ा।
किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। विभिन्न दलों व संगठनों के नेताओं ने एक सुर में आंबेडकर की प्रतिमा तोडऩे की घटना की निंदा की। साथ ही प्रतिमा पर हथौड़ा चलाने व संविधान की पुस्तक को जलाने के आरोपित पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट में केस दर्ज करने की मांग की। घटना की साजिश की जांच कराने की मांग भी की। जालंधर में लगभग दस स्थानों पर विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने धरने लगाकर प्रदर्शन किया। सभी बाजार पूरी तरह बंद रहे। शहर में कई जगह युवाओं ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर मार्च निकाला। भगत सिंह चौक पर न्यूट्री कुलचे की रेहड़ी लगाकर खड़े व्यक्ति को थप्पड़ मारकर भगाया और उसकी रेहड़ी तोड़ दी।


































