
लखनऊ। गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रेक्षक ड्यूटी के दौरान कार के आगे फोटो खिंचवा कर इंटरनेट मीडिया पर डालने के कारण चर्चा में आए आइएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया है। वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह फरवरी 2023 से निलंबित चल रहे हैं। वह मूलत: जौनपुर के निवासी हैं। उनकी पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल बांदा की डीएम हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने जौनपुर में गणेशोत्सव का भव्य आयोजन कराया जिसमें मुंबई से आए कुछ फिल्म कलाकार भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम को उनके अगले लोकसभा चुनाव लडऩे की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा था। उनके त्यागपत्र से साफ हो गया है कि वह चुनाव मैदान में उतर कर राजनीति में भाग्य आजमाने जा रहे हैं।





















