
अंबिकापुर। चार दिनों तक मौत से संघर्ष करते हुए आखिरकार अमित मिश्रा जिंदगी की जंग हार गए। बिहार के पश्चिमी चंपारण थाना साठी ग्राम सतवरिया निवासी अमित मिश्रा (40) का अंतिम संस्कार गृह ग्राम में किया जाएगा। दुर्घटना में उनके पुत्र श्रेयांश मिश्रा (14) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।पत्नी रागिनी मिश्रा(35) व पुत्री नैंसी (11) का उपचार रायपुर में चल रहा है। दुखद हादसे से मिश्रा परिवार बुरी तरह टूट चुका है। बीते मंगलवार व बुधवार की रात लगभग ढाई से तीन बजे के बीच अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदयपुर के अलकापुरी मोड़ के पास एग्री एफि़क्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जीएम (सेल्स) अमित मिश्रा की कार सामने से आ रही बस से टकरा गई थी। बस लगभग 10 मीटर तक कार को घसीटने के बाद पलट गया था। बस यात्रियों को चोट नहीं आई थी। इस दुर्घटना में अमित मिश्रा के साथ बगल की सीट पर बैठे उनके सुपुत्र श्रेयांश की मौत हो गई थी। अमित मिश्रा उनकी पत्नी रागिनी मिश्रा व सुपुत्री नैंसी मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में लगभग दो घण्टे तक फंसे रहे अमित मिश्रा को वेंटिलेटर में रखा गया था। उनकी स्थिति ऐसी नहीं थी कि वेंटिलेटर से निकाला जा सके। पिछले चार दिन से स्वजन और परिचित उनके स्वास्थ्य में सुधार की कामना के साथ प्रतीक्षा में थे। मुश्किल समय निकल जाने से सभी इस उम्मीद पर थे कि शायद अमित मिश्रा होश में आ जाएं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार भोर चार बजे अमित मिश्रा ने अंतिम सांसे ली।पोस्टमार्टम के बाद अमित मिश्रा का शव शासकीय एंबुलेंस से उनके गृहग्राम ले जाया गया है। वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दुर्घटना में पिता व पुत्र को मौत हो चुकी है। अमित मिश्रा की पत्नी रागिनी की कमर एवं हाथ की हड्डी टूटी है एवं पुत्री नैंसी मिश्रा को लीवर में चोट होने के कारण उच्चतम उपचार हेतु मल्टी स्पेशिलिटी सेंटर रायपुर में भर्ती किया गया है। दुर्घटना में घायलावस्था में अमित मिश्रा जब अंबिकापुर में भर्ती थे तब उनके पिता, चाचा,भाई और परिवार के अन्य सदस्य अंबिकापुर पहुंचे थे। अमित के बेटे श्रेयांश का पोस्टमार्टम अंबिकापुर में किया गया था। चूंकि श्रेयांश के पिता गंभीर स्थिति में अस्पताल में ही थे। उनकी पत्नी व बेटी रायपुर में हैं। स्वजनों को ही इन सबकी देखभाल करनी है। इसलिए श्रेयांश के शव का अंतिम संस्कार अंबिकापुर में ही कर दिया गया था। दादा ने पोते को मुखाग्नि दी थी। एग्री एफि़क्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जीएम (सेल्स) अमित मिश्रा मूलत: थाना साठी ग्राम सतवरिया बेतिया के रहने वाले थे। छठ पर वे पत्नी,पुत्र और पुत्री के साथ गांव गए थे। यहां परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर सभी ने छठ पर्व मनाया था। इनके घर पहुंचने पर खुशी का माहौल था। छठ पर्व मनाकर लौटने के दौरान बिलासपुर मार्ग पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।






















