आखिर किसने की ढाई वर्ष के बच्चे की हत्या, पुलिस की टीमें कर रही जांच

खरमोरा के सागौन प्लांटेशन में शव मिलने से हडक़ंप
मृतक की पहचान नहीं हत्यारों की तलाश जारी

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत निगम के वार्ड क्रमांक 31 के सागौन प्लांटेशन इलाके में एक बच्चे का शव पिछली रात मिला है। तस्वीरें बताती है कि उसकी हत्या की गई है। प्लांटेशन में शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में हडक़ंप है। पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है। अब तक कोई पहचान नहीं हुई है, हत्यारे कौन हो सकते हैं, पुलिस की टीमें इसकी जांच में जुटी है।
बीती रात यह मामला प्रकाश में आया। खरमोरा सागौन प्लांटेशन क्षेत्र में एक ढाई वर्षीय मासूम बच्चे का शव यहां पर लोगों ने देखा। उसके शरीर पर गहरे जख्म देखे गए। उसके संवेदनशील हिस्से को भी क्षति पहुंचाई गई। इस घटना की खबर बहुत जल्द आसपास में फैल गई और इसके साथ पुलिस को अवगत कराया गया। घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में नाराजगी के साथ आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलने पर पुलिस के अधिकारी भी यहां पहुंचे और क्षेत्र का मुआयना किया। कई घंटे बांद भी मृतक के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है कि वह कौन है और उसका वास्ता कहां से है। उसकी हत्या कहां पर और किसके द्वारा की गई, यह पुलिस के जांच के प्रमुख बिंदु हैं। शुरुआती जांच-पड़ताल को लेकर कहा जा रहा है कि किसी खास वजह से यह सब किया गया होगा और बच्चे से बदला लेकर एक तीर से कई शिकार किये गए होंगे। घटना के मूल में अहम भूमिका किन लोगों की रही, यह अनुसंधान की कड़ी का प्रमुख हिस्सा है। सिविल लाइन पुलिस ने मामले में मर्ग और हत्या का अपराध कायम किया है। फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड का सहयोग भी अनुसंधान के प्रारंभिक क्रम में लिया गया है। इसके माध्यम से कई अहम पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास में रहने वाले लोगों से भी सामान्य पूछताछ की। कहा गया कि सागौन प्लांटेशन की तरफ जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे ताकि कुछ खास चीजें सामने आ सके। फिलहाल पूरा मामला कयासों के साथ ही टिका हुआ है और स्थानीय पुलिस इस मामले की क्रिमनालॉजी को समझने में लगी हुई है।
आप भी कर सकते हैं मदद
पुलिस के द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी मृतक बच्चे की फोटो साझा किये गए हैं और अब तक की अपेडट डाली गई है। लोगों से कहा गया है कि अगर वे इस तस्वीर के बारे में किसी प्रकार की जानकारी रखते हैं तो जरूर कोरबा पुलिस का सहयोग करें ताकि संबंधित क्लू के आधार पर मृतक की पहचान व आरोपियों की खोज आसान हो सके।
फोन नंबर किये जारी
ढाई वर्ष के बच्चे की हत्या को स्थानीय पुलिस ने चुनौती मानते हुए खोजबीन शुरू की है। इसके साथ ही लोगों से कहा है कि वे किसी प्रकार की जानकारी होने पर पुलिस को बता सकते हैं। इसके लिए सीएसपी कोरबा- 9479193302,7587350517, पुलिस कंट्रोल रूम कोरबा: 9479193399, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक: 9479193301, 9406052280 और पुलिस अधीक्षक को 9479193300, 7974550759 पर जानकारी दी जा सकती है। ऐसे लोगों के नाम गुप्त रखे जाएंगे।

RO No. 13467/11