आचार संहिता के पहले उल्टी गिनती शुरू हुई ऊर्जाधानी में

कोरबा। प्रदेश की राजधानी रायपुर में आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले लोकसभा चुनाव के लिए शुरू हुई व्यापक तैयारियों के मद्देनजर 44 पुलिस कर्मियों के तबादले के बाद अब कोरबा ऊर्जाधानी में भी उल्टी गिनती की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के कटघोरा, कोरबा, दर्री, पुलिस अनुभाग क्षेत्रों में लंबे समय से पुलिस विभाग के अंदर नेपथ्य में मलाई का लाभ ले रहे अंगद पांव जमाए पुलिस कर्मियों पर भी अंदरखाने से उनकी गोपनीय हाजिरी शुरू हो गई है। ऐसे पुलिस कर्मियों को नए पुलिस कप्तान के पर्यवेक्षण में तलाश शुरू कर दी गई है। बताया तो यहां तक जा रहा है कि आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले या उसे लागू होते ही अमलीजामा पहनाकर तत्काल नवीन पदस्थापना स्थलों पर उनकी आमद दे दी जाएगी। उनके स्थान पर नए पुलिस कर्मियों के भी मौका मिलने के चांस भी खुलने शुरू हो जाएंगे। अब देखना यह है कि आने वाले दिनों में आचार संहिता के दौरान कितने लोग कार्रवाई के दायरे में आ रहे हैं और कितने इस बार भी मौका निकालकर फिर अपने रास्ते निकालने में कामयाब होंगे।

RO No. 13467/11