नई दिल्ली। हरियाणा में भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद नायब सिंह सैनी गुरुवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के 20वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। भाजपा विधायक कृष्ण कुमार बेदी ने सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने इसका समर्थन किया।
बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव शामिल हुए। बैठक के बाद सैनी ने हरियाणा में अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा क्योंकि उन्होंने इस साल मार्च में मनोहर लाल की जगह ली थी। भाजपा की परंपरा से हटकर पार्टी ने राज्य के लिए किसी उपमुख्यमंत्री की घोषणा नहीं की है।
अमित शाह ने पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सैनी को बधाई दी। उन्होंने हरियाणा में भाजपा की जीत का श्रेय मोदी सरकार की नीतियों को दिया। आज होने वाला शपथ ग्रहण समारोह एनडीए का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा, जिसमें पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत बिहार के सीएम नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश सीएम एन चंद्रबाबू नायडू समेत सभी एनडीए शासित राज्यों के सीएम शामिल होंगे।