आठ प्रदेशों में 58 सीटों पर वोटिंग शुरू, UP-दिल्ली-हरियाणा की सभी सीटों पर मतदान

नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव 2024 के पांच चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। आज छठे चरण की वोटिंग हो रही है। आठ प्रदेशों में मतदान कराए जा रहे हैं। सुबह सात बजे से वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस चरण में कुल 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता 889 उम्मीदवारों का फैसला करेंगे। विदेश मंत्री जयशंकर पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे, रांची में मतदान से पहले प्रार्थना। झारखंड की राजधानी रांची से भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ ने मतदान से पहले पहाड़ी मंदिर में देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर जीत की प्रार्थना की। पूर्वी भारतीय राज्य झारखंड की राजधानी रांची में भी मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यहां आज चार लोकसभा सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी। शनिवार सुबह मतदानकर्मियों को रांची के एक पोलिंग बूथ पर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान की तैयारियां करते देखा गया। आज पश्चिम बंगाल के केशपुर में भी मतदान कराए जाने हैं। राज्य की कुल आठ लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। शनिवार सुबह केशपुर से आए वीडियो में मतदान कर्मियों को निर्बाध तरीके से मतदान कराने की तैयारियां करते देखा गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पड़ोसी राज्य हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कुल छह राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों की 58 सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं। दिल्ली के डेढ़ करोड़ मतदाता समेत देशभर के करोड़ों मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में आहुति दे रहे हैं। दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया। दिल्ली की सियासी चौसर पर कुल 162 प्रत्याशी हैं। हरियाणा में भी सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने सांसद चुनेंगे। छठे चरण की वोटिंग के साथ देश की 484 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा। इसके बाद सातवें और अंतिम चरण में एक जून को केवल 57 सीटों पर चुनाव होगा। सभी चरणों की मतगणना एकसाथ चार जून को होगी और उसी दिन नतीजे भी आ जाएंगे।

RO No. 13467/9