आतिशी कब लेंगी दिल्ली के सीएम पद की शपथ, तय हो गई डेट, संभालेंगी अरविंद केजरीवाल की जगह

नईदिल्ली, १९ सितम्बर।
राजधानी दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिलने में कुछ ही समय बचा है। केजरीवाल के इस्तीफा देने के बाद आतिशी 21 सितंबर को सीएम पद की शपथ लेंगी। बाकी मंत्री भी इसी दिन शपथ लेंगे। अरविंद केजरीवाल ने 13 सितंबर को जेल से बाहर आने के बाद 15 सितंबर को इस्तीफे की घोषणा की थी। जिसके बाद उन्होंने 17 सितंबर को इस्तीफा दे दिया था।
आतिशी के शपथ लेने के बाद उनकी कैबिनेट के सभी नए-पुराने सदस्य भी फिर से शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में सीमित अतिथि ही आमंत्रित होंगे। मंत्रियों के नाम और उनके विभाग तय करने का अधिकार भावी मुख्यमंत्री का ही होगा। सरकारी सूत्रों के मुताबिक 26 और 27 सितंबर को दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया जा सकता है। इस दौरान नई मुख्यमंत्री आतिशी विश्वास मत भी पेश कर सकती हैं। इसके अलावा विधायी प्रक्रिया पूरी करने के साथ साथ ही दिल्ली से जुड़े कुछ मुद्दों पर चर्चा भी की जा सकती है।

RO No. 13467/11