
लखनऊ, २४ जुलाई [एजेंसी]।
मणिपुर सरकार को तत्काल बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने, पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने, राज्य में शांति बहाल के लिए ठोस कदम उठाने व महिलाओं के साथ घिनौना कृत्य करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष की अगुआई में गांधी प्रतिमा स्थल हजरतगंज चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र व मणिपुर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी के जिलाध्यक्ष शेखर दीक्षित व कार्यकर्ताओं की पुलिस की नोकझोंक हुई। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मणिपुर आंतरिक अशांति के दौर से गुजर रहा है। लगातार हिंसा के कारण मणिपुर के लोगों को भारी क्षति उठानी पड़ रही है।
हिंसा के कारण अब तक 150 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है वही 60,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। केंद्र सरकार मौन है। इस मामले में कठोर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में नीरा सक्सेना, सुभाषिनी मिश्रा, प्रियंका श्रीवास्तव, इरम रिजवी, डा.फकरूल इमाम, डीएनएनएस यादव, ललित वाल्मीकि, जानी, बाल गोविंद वर्मा, अंकित परिहार, पीके वाजपेयी, सबीना सिद्धकी, रेखा चतुर्वेदी, अभिषेक सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।