
नईदिल्ली, १६ सितम्बर । ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। आम्रपाली ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में शुक्रवार को हुई लिफ्ट दुर्घटना में पांच लोगों का उपचार सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में चल रहा था। इसमें से चार लोगों की शनिवार तड़के सुबह करीब साढ़े सात बजे मौत हो गई है।इससे पहले दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई थीं। मृतकों की कुल संख्या 8 हो गई है। एक का अभी आईसीयू में उपचार चल रहा है।निर्माणाधीन आम्रपाली ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में 14वीं मंजिल पर झटका लगने से पैसेंजर लिफ्ट गिर गई जिसके चलते चार कामगारों की मौत हो गई। वहीं पांच घायल हो गए थे जिनमें से चार की शनिवार यानी आज सुबह मौत हो गई। एक कामगार का इलाज आईसीयू में चल रहा है। पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट को सील कर वहां पर काम करने वाले कामगारों को बाहर निकालने का आदेश दिया है। आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी की जा रही थी। आम्रपाली बिल्डर दिवालिया घोषित हुआ तो न्यायालय के आदेश पर प्रोजेक्ट एनबीसीसी (नेशनल बिल्डिंग कंसट्रक्शन कंपनी) के अधीन आ गया। सी-12 टावर में निर्माण कार्य गिरधारी कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रही थी।



























