आयकर छापा तीसरे दिन भी जारी: स्टील, कोल कारोबारी समूह से 65 लाख और राइस मिलरों से ३1 लाख जब्त

आईएएस रानू साहू के यहां चल रही ईडी की छापेमारी, ऑफिसर्स कॉलोनी पहुंची है टीम
रायपुर, २१ जुलाई [एजेंसी]।
छत्तीसगढ़ के स्टील, कोल कारोबारियों, रेलवे ठेकेदार सहित राइस मिलरों और मार्कफेड एमडी के घर व दफ्तर में चल रही आयकर जांच तीसरे दिन भी जारी रही। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को स्टील व कोल कारोबारी समूह से एक करोड़ 40 लाख रुपये मिले है और इसमें से 65 लाख की जब्ती भी हो गई है। इसके साथ ही कारोबारी समूहों से 11 लाकर भी मिल चुके है। इन लाकरों की तलाशी ली जा रही है। इन कारोबारी समूहों के पास से 10 करोड़ नकद, 15 करोड़ अनअकाउंटेंट, हवाला लेनदेन, दो करोड़ की जमीन, कच्चे में लेनदेन की रसीदें भी मिली है। इसके साथ ही स्टाक में 11 करोड़ का डिफरेंस आया है। इस संबंध में आयकर अफसरों द्वारा कारोबारी समूह के डायरेक्टरों के साथ ही फर्म के कर्मचारियों से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है। आयकर अफसरों द्वारा अभी इनकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार ईडी का छापा आईएएस रानू साहू व उनके आईएएस पति जे पी मौर्या के देवेंद्र नगर स्थित आफिसर्स कॉलोनी में पड़ा है। रानू और जेपी के बंगले में पहले भी ईडी का छापा पड़ चुका है। इनके अलावा कांग्रेस नेता राम गोपाल अग्रवाल के अलग अलग शहरों में स्थित निवास और कार्यालय सहित अन्य परिसरों में भी ईडी की कार्रवाई चल रही है। कोरबा नगर निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय के यहां भी ईडी के छापे की खबर है। ठेकेदार सुनील रामदास अग्रवाल का भी नाम छापे में आ रहा है। बताया जा रहा है कि ईडी रायपुर के देशबन्धु कॉम्प्लेक्स, अमलीडीह स्थित लाविस्टा के साथ बिलासपुर के अंबा प्लाजा, रामा वैली, विनोबा नगर और कोरबा में कार्यवाही कर रही है। यह सारी कार्रवाई, नान और मार्कफेड में पी डी एस घोटाले के सिलसिले में चल रही है। आईटी टीम की भी रायपुर,बिलासपुर के लोहा, पॉवर कोयला कारोबार से जुड़े 4 समूह के यहां छापे जारी है। उनके अलग-अलग 13 ठिकानों से एक करोड़ रुपए बरामद की है। उसमें से 40 लाख रुपए सीज किया है। इसके साथ ही इनके यहां से मिले ज्वेलरी की वैल्युएशन निकाला जा रहा है। मालूम हो कि मंगलवार सुबह से ही आयकर की 150 सदस्यीय टीम द्वारा स्टील, कोल, रेलवे ठेकेदार के ठिकानों पर दबिश दी गई थी,इसके बाद देर रात प्रदेश के राइस मिलर व मार्कफेड एमडी के घर में भी दबिश दी गई। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को जांच के दौरान राइस मिलरों के पास से भी बड़ी संख्या में कच्ची रसीदें, कच्चे कागज मिले है। इसके साथ ही 31 लाख रुपये जब्त किए गए है। अभी भी आयकर द्वारा मार्कफेड के एमडी समेत प्रदेश के राइस मिलरों के ठिकानों पर जांच की जा रही है। आयकर अफसरों द्वारा कच्ची रसीदों की जांच की जा रही है और इस संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है। आयकर की यह जांच एक-दो दिनों में पूरी होने की संभावना है।

RO No. 13467/11