
लखनऊ। आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में चिकित्साधिकारियों की कमी जल्द दूर होगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 601 नए चिकित्साधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब आयुर्वेद निदेशालय जल्द इनकी तैनाती की प्रक्रिया में जुट गया है। सभी जिलों से ऐसे अस्पतालों का ब्योरा मांगा गया है, जहां एक भी नियमित चिकित्साधिकारी नहीं हैं। दूसरे नंबर पर ऐसे अस्पताल जहां सिर्फ एक चिकित्साधिकारी है, वहां नव नियुक्त अभ्यर्थियों को तैनाती दी जाएगी। सभी जिलों में जरूरत के अनुसार पांच से 10 चिकित्साधिकारियों को तैनात करने की योजना बनाई जा रही है। फिलहाल सभी जिलों में अस्पतालों के सापेक्ष कहां कितने चिकित्साधिकारियों के पद खाली हैं, इसका विस्तृत ब्योरा मांगा गया है। अगले महीने कार्यक्रम आयोजित कर इन्हें नियुक्ति पत्र वितरित करने की तैयारी की जा रही है। प्रदेश में कुल 2,300 आयुर्वेदिक चिकित्सालय हैं। यहां चिकित्साधिकारियों के ढाई हजार से अधिक पद हैं और इसमें से लगभग एक हजार खाली चल रहे हैं। हर वर्ष इन सभी अस्पतालों में ढाई करोड़ से अधिक रोगी अपना उपचार कराने आते हैं।



















