आश्विन नवरात्र पर्व पर देवी की स्थापना के लिए तैयार हो रहे पंडाल

शिवरीनारायण । नगर के मेला ग्राउंड में माता रानी का दरबार अब अंतिम रूप लेने लगा है। भव्य प्रवेश द्वार बनकर तैयार हो गया है। जिसे सजाया जा रहा है। कारीगर काम पूरा करने दिन रात मेहनत कर रहें हैं। मूर्तिकार भी मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। प्रतिमा को रंग रोंगन व साज सज्जा का काम किया जा रहा है। फूल मालाओं व लाइट झालरों से माता रानी के दरबार को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मेला ग्राउंड में बाहुबली के माहिष्मति महल में मां दुर्गा विराजमान होंगी। मां दुर्गा के साथ भगवान शंकर व नरसिंह भगवान की प्रतिमा भी विराजमान होगी। 15 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू होगा। नगर में दुर्गा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। पूरे 9 दिन मां भवानी की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। नगर में पहली बार इतना बड़ा और भव्य दुर्गा उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। नगर में पहली बार 80 फीट ऊंचे, 185 फीट लंबे व 80 फीट चौड़े पंडाल में 21 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान होगी। मां अम्बे के साथ 10 फीट के भगवान शंकर व 10 फीट के नरसिंह भगवान की प्रतिमा भी विराजमान होगी। भव्य प्रवेश द्वार, मां अम्बे की मनमोहक प्रतिमा के साथ की गई आकर्षक लाइटिंग देखते ही बनेगी। श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति शिवरीनारायण द्वारा दुर्गा उत्सव की तैयारियां तेज गति से चल रही है। समिति के सागर केशरवानी ने बताया कि 80 फीट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। 185 फीट लंबा व 80 फीट चौड़ा पंडाल बनाया जा रहा है। जिसमें 21 फीट की मां अम्बे की प्रतिमा के साथ 10 फीट के भगवान शंकर व 10 फीट के नरसिंह भगवान की प्रतिमा विराजित होगी। मां दुर्गा के दोनों ओर सात सात फीट के शेर भी बनाए जा रहें हैं। उन्होंने बताया भोपाल के कारीगरों द्वारा पंडाल का काम डेढ़ महीने पहले से चालू कर दिया गया है। बंगाल के कारीगर भव्य प्रवेश द्वार बना रहे हैं। बंगाल के कारीगरों द्वारा आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी। साथ ही भटगांव के मूर्तिकार 20 दिन पहले से मूर्ति बनाने में जुट गए हैं। पंडाल के अंदर व प्रवेश द्वार के बाहर आकर्षक लाइटिंग की जाएगी। सभी भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी । पंडाल के अंदर सुरक्षा की दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी की जाएगी। फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जा रही है। नगर के नटराज चौक व बस स्टैंड के सामने प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। भटगांव के मूर्तिकार 20 दिन पहले से ही मूर्तियों को आकार देने में जुट गए हैं। मूर्तिकार गिरधारी देवांगन व बबलू देवांगन अपने साथियों के साथ प्रतिमाओं को मूर्त रूप देने में जुटे हुए है। उनके द्वारा मां दुर्गा की 21 फीट की प्रतिमा के साथ 10 फीट के भगवान शंकर व 10 फीट के नरसिंह भगवान की प्रतिमा भी बनाई जा रही है।

RO No. 13467/11