वाशिंगटन। अमेरिका के इंडियानापोलिस में इस सप्ताह हुई सड़क दुर्घटना में घायल 42 वर्षीय एक भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत हो गई। सन् 1996 में पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले सुखविंदर सिंह 15 साल की उम्र में अमेरिका आ गए थे। उनकी मौत अस्पताल में इलाज के दौरान 13 अक्तूबर हो गई थी। दुर्घटना इंडियानापोलिस के पास ग्रीनवुड गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, 12 अक्तूबर को दो वाहनों की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए थे। शुरुआती जांच से पता चला कि सिंह का अचानक संतुलन बिगड़ गया और उनकी कार सड़क के दूसरी पार चली गई और वहां से गुजर रही अन्य कार से टकरा गई। सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी, 15 साल का बेटा और 10 साल की बेटी है। वह 2010 से इंडियानापोलिस में रह रहे थे। वहीं, अन्य कार में सवार 52 वर्षीय व्यक्ति और उसके साथ कार में सवार महिला को गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज चल रहा है।