
कोरबा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोमवार को कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ मजबूत है और इसके सभी सहयोगी जल्द ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को अंतिम रूप देंगे। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बरपाली गांव में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रमेश ने कहा कि जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के ‘इंडिया’ गठबंधन छोडऩे से मोर्चे पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। एक सवाल के जवाब में रमेश ने कहा, इंडिया’ गठबंधन मजबूत है। नीतीश जी ने पलटी मारी है और रालोद भी वही करने की कोशिश कर रहा है। गठबंधन में 28 दल थे। अब दो दल कम हो गए। उन्होंने कहा, (लोकसभा चुनाव के लिए) सीट बंटवारे को लेकर आम आदमी पार्टी, द्रमुक, राकांपा, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और ममता बनर्जी जी के साथ चर्चा चल रही है। नीतीश और रालोद के अलग होने से गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम मजबूत हैं और जल्द ही विभिन्न राज्यों में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, मोदी जी ने पहले ‘एक देश, एक कर’ और ‘एक देश, एक चुनाव’ की बात की थी लेकिन असल में मोदी जी के 10 साल के कार्यकाल में यह ‘एक देश, एक कंपनी’ बन गया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी और राहुल जी भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से इस पूंजीवाद के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। पिछले दस वर्षों में महंगाई बढ़ रही है, बेरोजगारी दर पिछले 45 वर्षों में सबसे अधिक है और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) बेचे जा रहे हैं। रमेश ने कहा, (पिछले साल के विधानसभा चुनाव से पहले) बस्तर में प्रधानमंत्री ने कहा था कि एनएमडीसी के इस्पात संयंत्र का निजीकरण नहीं किया जाएगा लेकिन वह पिछले तीन वर्षों से इसे बेचने में लगे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसका खुलासा किया था।





















