
बोस्टन, ०६ दिसम्बर । अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए हमलों के दौरान हमास द्वारा की गई यौन हिंसा की निंदा की। उन्होंने लोगों के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि हमास ने इजराइल हमले के दौरान महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया।समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार, राष्ट्रपति जो बाइडन ने इजरायल पर हुए हमलों में जीवित बचे लोगों और गवाहों का हवाला देते हुए कहा कि दक्षिणी इजरायल पर 7 अक्टूबर को हुए हमले के दौरान महिलाओं के साथ बार-बार दुष्कर्म किया और शवों को क्षत-विक्षत भी किया। बॉस्टन में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाइडन ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में क्रुरता की घटनाएं सामने आई हैं। महिलाओं के साथ बार-बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया और उनके शरीर को शरीर को क्षत-विक्षत किया गया। हमास के आतंकवादियों ने महिलाओं और लड़कियों को पहले दर्द दिया और उसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों, सिविल सोसायटी और लोगों से हमास द्वारा किए गए यौन हिंसा की निंदा करने का आह्वान किया। बता दें कि इजरायल पुलिस यौन अपराधों की जांच कर रही है। वहीं, इजरायल के न्याय मंत्रालय ने कहा कि पीडि़तों को शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया गया और उनके साथ दुष्कर्म भी किया गया। उन्होंने कहा कि बाद में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिनमें से कुछ पीडि़तों को जिंदा जला दिया गया। हालांकि, हमास ने इजरायल के आरोपों को खारिज किया है। उल्लेखनीय है कि इजरायल और हमास के बीच एक सप्ताह तक युद्धविराम चला था। हालांकि, युद्धविराम के बाद इजरायल ने गाजा में हमास के खिलाफ कार्रवाई फिर से तेज कर दी है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इजराइल के हमलों में 16,248 लोग मारे गए हैं।



























