
इस्लामाबाद, १५ जनवरी । इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के उम्मीदवारों को पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) जूता, चाय की केतली जैसे चुनाव चिह्न आवंटित कर रहा है, क्योंकि पीटीआई के चुनाव चिह्न क्रिकेट के बल्ले को जब्त कर लिया गया है। ईसीपी ने 22 दिसंबर को पीटीआई के संगठनात्मक चुनाव को खारिज कर दिया था। आठ फरवरी को होने वाले आम चुनाव के लिए क्रिकेट के बल्ले को चुनाव चिह्न के रूप में रखने की पीटीआई की याचिका भी खारिज कर दी थी। पेशावर हाई कोर्ट ने ईसीपी के आदेश को बरकरार रखा था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी शनिवार को दिए फैसले में इस आदेश को बरकरार रखा। फैसले के बाद पीटीआई नेता बैरिस्टर गोहर खान ने कहा कि पार्टी के सभी उम्मीदवार स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप से चुनाव लड़ेंगे। एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बैरिस्टर गोहर खान को चाय की केतली चुनाव चिह्न आवंटित हुआ है। शौकत यूसुफजई का चुनाव चिन्ह रैकेट है। शहरयार अफरीदी बोतल चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव लड़ेंगे। पीटीआई के वरिष्ठ नेता शाह महमूद कुरैशी की बेटी मेहर बानो कुरैशी को चिमटा और मेहर के भाई जेन हुसैन कुरैशी को जूता चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है।


























