
गुना, २८ जनवरी । भाजपा ने 20 साल पहले उनका (दिग्विजय सिंह) नाम बंटाधार रखा था, जो आज भी चल रहा है। उन्होंने जनता की सेवा की, विकास किया, फिर यह नाम क्यों पड़ा। हालत यह है कि बंटाधार नाम लेने से आज भी भाजपा को वोट मिल जाते हैं। ऐसा इसलिए कि दलाल उन्हें घेरे हुए हैं। अभी राहुल गांधी की पदयात्रा निकलेगी, जिसमें हम सभी जाएंगे। अब पार्टी को तय करना है कि दलालों की सुननी है या कार्यकर्ताओं की। यह हमला पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई व पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद अपनी और पार्टी की हार को लेकर चर्चा के दौरान कही।उन्होंने बड़े भाई दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर उन्हें घेरा और कहा कि हार के लिए मशीन नहीं, गलत निर्णय जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यह भितरघातियों व दलालों की हरकत है, जिसके इशारों पर वे (दिग्विजय सिंह) ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं। जो हमारा सर्वमान्य नेता रहा है, उसका राजनीति ने क्या स्तर बना दिया है। उन्होंने कहा कि हम ईवीएम को दोष देते हैं, क्या ईवीएम ने कहा था कि सांसद निधि वहां देनी है, जहां कांग्रेस हार जाए। ईवीएम ने कहा था कि इसको सांसद प्रतिनिधि बनाओ, क्योंकि इसने कांग्रेस को हरवाया था। कुछ मशीनें खराब हो सकती हैं, लेकिन सारी मशीन खराब नहीं हो सकतीं। सिंह ने कहा कि राजनीतिक पार्टी और नेताओं को भी स्वयं का आकलन करना आवश्यक है, फिर चाहे वे कितने ही बड़े नेता हों। आज जो कांग्रेस को हरवाता है, उसका सम्मान किया जाता है। वह बड़ा आदमी है और चतुर माना जाता है, क्योंकि दूसरे पक्ष से मिलकर आपको हरवा रहा है, जबकि जो भितरघात करता है, वह सबसे बड़ा गद्दार है।



















