
कोरबा। विधानसभा चुनाव 2023 अंतर्गत मतदान पश्चात् इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईव्हीएम) को आज कड़ी सुरक्षा के बीच आईटी कालेज झगरहा में बनाये गये स्ट्रांग रूम में बंद कर दिया गया है। इसे गिनती के लिए आगामी 3 दिसंबर को निकाला जायेगा। तब तक सुरक्षा जवान यहां इसकी कड़ी निगरानी करते रहेंगे। जिले के कोरबा-कटघोरा, पाली तानाखार एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के लिए कल मतदाताओं द्वारा वोट डाले गये थे। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई थी और देर सायं तक चला था। पोलिंग बूथों में मतदान संपन्न कराने के बाद ईव्हीएम मशीनों को सील बंद कर वापस लौटे और स्ट्रांग रूम में जमा करने का काम शुरू किया, जो पूरी रात भर चला। सूदूर क्षेत्रों से तडक़े पहुंचे ईव्हीएम मशीनों को सबसे अंत में स्ट्रांग रूम में जमा करने के साथ ही इसे सील कर दिया गया। स्ट्रांग रूप में बंद ईव्हीएम मशीनों को आगामी 3 दिसंबर को सुबह स्ट्रांग रूप से बाहर निकाला जायेगा और वोटो की गिनती करने के पश्चात् परिणाम घोषित किये जायेंगे।





















