उत्तर की सर्द हवा ने बढ़ाई ठंड, पारा 10 से नीचे

अंबिकापुर। चक्रवात व पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कमजोर होने के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है। बादल छंटने और हवा की दिशा उत्तर पश्चिमोत्तर होने से सर्द हवा तापमान को लगातार प्रभावित कर रही है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान इस सीजन में फिर एक बार 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। रविवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। चार दिनों के भीतर अंबिकापुर के तापमान में लगभग आठ डिग्री की गिरावट हुई है। ठंडी हवा चलने से लोग सिहर उठे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दिसंबर के पहले पखवाड़े में मिचौंग तूफान व पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने सरगुजा संभाग में ठंड को प्रभावित कर दिया था। तीन दिनों तक बेमौसम बारिश के बाद जैसे ही आसमान साफ हुआ ठंड ने पलटवार किया। चौबीस घंटे में ही पांच डिग्री तापमान गिर गया। तापमान में गिरावट दूसरे दिन भी जारी रही और रविवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। ठंड के इस सीजन में दूसरी बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे आया है। 26 नवंबर को पहली बार इस सीजन में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद तूफान व पश्चिमी विक्षोभ का असर पडऩे से न्यूनतम तापमान में 17 डिग्री तक पहुंच गया था। शनिवार को मौसम साफ होते ही तापमान में तगड़ी गिरावट हुई थी। रविवार को इसमें और गिरावट हुई और न्यूनतम तापमान दूसरी बार 10 डिग्री से दर्ज किया गया। उत्तर भारत से चल रही ठंडी हवा के कारण सरगुजा संभाग के मैनपाट, सामरी पाट क्षेत्र में तापमान में काफी गिरावट हुई है। यहां दिन में भी ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। सुबह शीत गिरने एवं कोहरा छाने से इन इलाके के लोग ठंड से बेहाल हैं।

RO No. 13467/11