
काहिरा। हमास और इजरायल के बीच संघर्ष विराम पर बातचीत बुधवार को काहिरा में फिर से शुरू होने वाली। मिस्त्र, कतर और अमेरिका और इजरायल के प्रतिनिधिमंडल बुधवार और गुरुवार को होने वाली वार्ता में भाग लेंगे। वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन भी रविवार को तेल अवीव पहुंचे। युद्ध शुरू होने के बाद से यह इजरायल की उनकी 10वीं यात्रा है। इस बीच इजरायल ने गाजा में 40 ठिकानों पर हमला बोला। इसमें 24 लोग मारे गए। मरने वालों में एक महिला और उसके छह बच्चे भी शामिल हैं। इजरायल ने नागरिकों को निशाना बनाने से इन्कार किया है। साथ ही कहा कि शनिवार को कब्जे वाले वेस्ट बैंक में जेनिन में हवाई हमले में हमास के दो आतंकियों अहमद अबू आरा और राफेट दवासी को मार गिराया है। अमेरिकी विदेश मंत्री अपनी यात्रा के दौरान इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।





















