
जम्मू, २७ सितम्बर । यूनानी पद्धति के लिए विख्यात कश्मीर में अब आयुर्वेद कॉलेज खोलने की तैयारी है। इसके लिए आयुष विभाग ने प्रस्ताव बनाया है। यह प्रस्ताव एक-दो दिनों में आयुष मंत्रालय को सौंपा जाएगा। अगर इसे मंजूरी मिल जाती है तो जम्मू कश्मीर में यह दूसरा आयुर्वेद कालेज होगा। हालांकि, अभी कालेज कश्मीर के किस जिले में होगा, इसकी जानकारी नहीं है और अभी जगह का चयन भी नहीं हुआ है।कश्मीर में आयुर्वेद कॉलेज खोलने का प्रस्ताव हाल ही में वहां पर हुए राष्ट्रीय स्तर के आयुर्वेद पर्व के बाद लाया गया है। अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन ट्रस्ट नई दिल्ली ने आयुष मंत्रालय और जम्मू-कश्मीर आयुष विभाग के सहयोग से आयुर्वेद पर्व आयोजित किया था। इसमें पद्म भूषण वैद्य देवेंद्र त्रिगुण, पद्मश्री वैद्य राजेश कटोच, डॉ. मनोज नेसारी, वैद्य जयंत देव पुजारी ने भी हिस्सा लिया था।उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलकर जम्मू कश्मीर में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद विश्वविद्यालय स्थापित करने को कहा था। इसके बाद उपराज्यपाल ने भी कश्मीर में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने आयुष विभाग को भी इस बारे में उचित कदम उठाने को कहा था। उन्होंने कश्मीर में आयुर्वेद कालेज और अस्पताल खोलने के लिए कहा था।सूत्रों का कहना है कि आयुष विभाग जम्मू कश्मीर अब कश्मीर में आयुर्वेद कॉलेज और अस्पताल खोलने के लिए प्रस्ताव बनाया गया है। कॉलेज के अलावा भी आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए कई प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं। इनमें 115 आयुष औषधालयों को अपग्रेड करना भी शामिल है। इस समय जम्मू संभाग में अखनूर में एक आयुर्वेद कालेज है। इस कालेज को कुछ वर्ष पहले ही मंजूरी मिली थी। गत वर्ष कश्मीर में यूनानी कालेज खुला था।इसके अतिरिक्त जम्मू में एक निजी आयुर्वेद कालेज भी है। अगर इस कॉलेज को मंजूरी मिलती है तो इससे पूरे प्रदेश में आयुर्वेद को बढ़ावा मिलेगा। आयुष के जम्मू कश्मीर के निदेशक डा. मोहन सिंह ने भी कश्मीर में आयुर्वेद कालेज खोलने का प्रस्ताव बनाने की पुष्टि की है। कुछ वर्षों में जम्मू कश्मीर में आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के लिए कई कदम उठाए गए हैं। पहले जम्मू में 25 बेड की क्षमता वाला मात्र एक ही आयुर्वेद अस्पताल होता था। इसके अतिरिक्त अन्य पूरे जम्मू संभाग में आयुर्वेद डिस्पेंसरियां थी, लेकिन अब न सिर्फ जम्मू के शालामार स्थित आयुर्वेद अस्पताल को अपग्रेड किया गया है । बल्कि सभी डिस्पेंसरियों को भी आयुष हेल्थ और वेलनेस सेंटरों में अपग्रेड किया गया है। यही नहीं, कई जिलों में भी अब आयुर्वेद अस्पताल बनाए जा रहे हैं। वहीं होम्योपैथी कालेज भी कठुआ जिले में खोलने के लिए पूरे प्रयास हो रहे हैं।