एक पैंतरे से दम निकला हड़तालियों का, एक दिन पहले ईंधन के लिए हुई परेशानी

कालाबजारियों को मिला कमाई का मौका
जांजगीर । हिट एंड रन मामले में केंद्र सरकार के नए कानूनी प्रावधानों को लेकर देशभर में ट्रक-बस ड्राइवर्स हड़ताल का असर मंगलवार को जिलेभर में पेट्रोल-डीजल और सब्जियों के आपूर्ति में देखने को मिला। पेट्रोल-डीजल लेने के लिए लोग टूट पड़े। पंपों में नोटबंदी की तरह पेट्रोल-डीजल भराने लाइन लगी रही। 100 रुपए का पेट्रोल लेने वाले भी 500-1000 हजार रुपए का पेट्रोल-डीजल लेते नजर आए। गैलन से लेकर डिब्बों में लोग पेट्रोल-डीजल ले जाते दिखे। लिहाजा चंद घंटों में ही पंप ड्राई हो गए। दोपहर तक शहर के सारे पंपों में पेट्रोल-डीजल मिलना बंद हो गया। लोग बैरंग लौटे। यही हाल लगभग जिलेभर में रहा। सभी जगह शाम तक पंपों में पेट्रोल-डीजल नहीं होने का बोर्ड टंग गया। इधर पेट्रोल-डीजल की गाडिय़ां कब आएगी, पंप संचालक और कर्मचारी भी कुछ नहीं बता पा रहे थे। शहर के मदनलाल पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि शाम तक टैंकर आने की जानकारी है पर अभी तक नहीं पहुंची है। इसी तरह पंकज पेट्रोल पंप पामगढ़ के संचालक पंकज सोनी ने बताया कि सभी को पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है, भीड़ ही ज्यादा है जिससे ऐसी स्थिति बन रही है। हालांकि अधिकांश पंप संचालकों ने कहा कि पुलिस सुरक्षा के बीच पेट्रोल-डीजल गाडिय़ां डिपो से निकलने की सूचना मिल रही है। ऐसे में देर शाम या बुधवार सुबह तक टैंकर पहुंच सकती है। इधर हड़ताल के चलते सब्जियों की गाडिय़ां भी नहीं पहुंची। ऐसे में हरी सब्जियों के दाम आसमान पर पहुंच गए। शहर में सब्जियों के दाम सोमवार की तुलना में तीगुना अधिक तक पहुंच गई।इस पूरी स्थिति में कई चीजों की कालाबाजारी करने वाले लोग सक्रिय रहे और जमकर कमाई की।

RO No. 13467/11