
कोरिया बैकुंठपुर। प्रदेश में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 20 विधानसभा के लिए 7 नवम्बर को मतदान हो चुका वहीं द्वितीय चरण के लिए 70 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवम्बर को मतदान होगा। कोरिया जिले के अंतर्गत बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन क्रमांक 03 में 17 नवम्बर 2023 को मतदान होगा। बैकुंठपुर में 8 प्रत्याशी है।
बैंकुण्ठपुर विधानसभा क्रमांक-3 में कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती अंबिका सिंहदेव, आम आदमी पार्टी से डॉ. आकाश कुमार, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से दुर्गेश साहू, भारतीय जनता पार्टी से भइया लाल राजवाड़े, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से मेजर प्रसाद यादव, समाजवादी पार्टी से सोमार साय लोहार, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से संजय सिंह कमरो तथा एक निर्दलीय प्रत्याशी बृजमोहन साहू अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बैकुण्ठपुर विधानसभा क्रमांक- 03 में 228 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 84 हजार 47 है तथा महिला मतदाताओं की संख्या 84 हजार 29 एवं तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 5 है। इस तरह 1 लाख 68 हजार 81 मतदाता है। वहीं भरतपुर -सोनहत (आंशिक) विधानसभा निर्वाचन में 78 मतदान केन्द्रों में पुरुष मतदाताओं की संख्या 18 हजार 159, महिला मतदाताओं की संख्या 18 हजार 215 तथा तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या मात्र एक है। इस तरह 306 मतदान केन्द्रों में 2 लाख 4 हजार 456 मतदाता इस लोकतंत्र के साक्षी बनेंगे। 18 से 19 वर्ष के नए मतदाताओं की संख्या 6 हजार 493 हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। इसी तरह दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 2 हजार 90 है और 80 वर्ष ये उससे अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1 हजार 231 है। अगर जेण्डर रेसियों की बात करें तो 1000 है। बैकुण्ठपुर विधानसभा के मतदाताओं को प्रतिशत में जान लेते हैं। 18 से 19 वर्ष की मतदाता 3.86, 20 से 29 वर्ष 24.48, 30 से 39 वर्ष 29.23, 40 से 49 वर्ष 18.89, 50 से 59 वर्ष के 13.17, 60 से 69 वर्ष के 6.92, 70 से 79 आयु के 2.72, 80 से 89 आयु के 0.62, 90 से 99 आयु के 0.10 तथा 100 से 109 आयु के मतदाताओं की संख्या 0.01 प्रतिशत है। बैकुंठपुर विधानसभा निर्वाचन के तहत 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के मतदाताओं व 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांग मतदाताओं व अन्य जिले से स्थानांतरित होकर आए कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है। अब तक 950 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्र) से मतदान किया है। 16 नवम्बर को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक शासकीय रामानुज हाई स्कूल, बैकुंठपुर में छूटे कर्मचारी पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं। बैकुण्ठपुर नगरीय-निकाय में 13, बैकुण्ठपुर ग्रामीण में 84, चरचा नगरीय-निकाय में 15, पटना में 73, बचरा पोंड़ी में 43 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसी तरह भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें 10 संगवारी मतदान का संचालन महिलाओं के द्वारा किया जाएगा, एक-एक दिव्यांग एवं युवा मतदान केन्द्र बनाया गया है साथ ही 5 मॉडल मतदान केन्द्र के अलावा 150 वेबकास्टिंग मतदान केन्द्र भी बनाया गया है। विधानसभा निर्वाचन सुगम, सुलभ हो इसके लिए जिला निर्वाचन आयोग ने वाहनों की व्यवस्था भी कर ली है। इसमें 30 नग बेलोरो, 23 बस, 54 मिनी बस, 20 पिक-अप, 7 ट्रेक्टर तथा 5 ट्रक के माध्यम से चुनाव कार्य को सम्पन्न करने के लिए 50 रूट्स, 120 वाहन और 24 सेक्टर ऑफिसर को लगाया गया है। निर्वाचन कार्य में लगभग एक हजार से अधिक अधिकारी -कर्मचारियों की ड्यूटी लगी हुई है। मतदान के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर 23, बीएलओ 228 तथा बीएलओ सुपरवाइजर 30 लगाए गए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय में कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्य कर रही है। 1950 अथवा 07836-232555 डायल कर निर्वाचन संबंधी जानकारियां व शिकायत कर सकते हैं। संभवत: प्रदेश में किसी मतदान केन्द्र में सबसे कम मतदाताओं की संख्या इस जिले में हो।
मतदान केन्द्र सेहराडांड में 3 पुरुष मतदाता तथा 2 महिला मतदाता हैं, कांटों में 7 पुरुष तथा 5 महिला मतदाता हैं, वहीं रवला मतदान केन्द्र के अंतर्गत 14 पुरुष मतदाता तथा 9 महिला मतदाता ही मतदान करेंगे। जिला आबकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आचार संहिता लगने से लेकर 13 नवम्बर तक 51 जगहों पर छापेमारी कार्यवाही की गई, जिसमें 31 प्रकरण कायम करते हुए 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 72 हजार 330 रुपये के 324 लीटर मदिरा व 320 किलोग्राम महुआ लाहन की जब्ती की गई। इस तरह बैकुण्ठपुर विधानसभा एवं सोनहत के दो लाख से अधिक मतदाता बनेंगे मजबूत लोकतंत्र के साक्षी।





















