
कोरबा। एसकेएमएस कुसमुंडा एरिया के द्वारा 22 सूत्रीय मांगों को लेकर 2 अगस्त को सीजीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें ट्रकों के मार्ग पर खड़े रहने के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया गया है। जिसमें कहा गया है कि ट्रकों के मार्ग में खड़े रहने से आम नागरिकों के अलावा कोयला कामगारों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। इन ट्रकों के खड़े रहने के लिए अलग व्यवस्था की मांग की जा रही है ताकि कोयला कामगारों को परेशानी न हो। कोयला कामगारों को पेयजल व बिजली की समस्या को भी उठाया गया है। उड़ रहे धूल से कालोनीवासी परेशान हैं। इस मामले को प्रबंधन के सामने रखते हुए कहा गया है कि बरसात के दिनों में ज्यादा परेशानी नहीं होती है लेकिन अन्य मौसम में कोयला कामगार परेशान हो जाते हैं। आंदोलन की तैयारी में अजीत सिंह, विरेंद्र टंडन, मुकेश साहू, महेंद्र यादव, भोलाशंकर कैवर्त, आशीष साह सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।



















