
किशनगंज। एआईएमआईएम ने लोकसभा चुनाव में सीमांचल के किशनगंज सीट पर पूरी शक्ति के साथ चुनाव लडऩे का एलान किया है। ओवैसी ने किशनगंज से अख्तरुल ईमान को लोकसभा उम्मीदवार बनाया है। अख्तरुल ईमान अमौर से विधायक के साथ-साथ एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को पौआखाली मेला मैदान में इस बात की घोषणा की।
वह दो दिवसीय सीमांचल दौरे पर यहां आए हैं। उन्होंने मंच से पार्टी प्रत्याशी के रूप में अख्तरुल ईमान के नाम की घोषणा करते हुए लोगों से भारी मतों से उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा की कुछ और सीटों पर भी वे एआईएमआईएम के प्रत्याशी उतारेंगे। ओवैसी की इस घोषणा से महागठबंधन के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती है। सीमांचल में पिछली बार आरजेडी ने ओवैसी के चार विधायकों को तोड़ लिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अकलियत के साथ हर समय धोखा किया गया है। उन्होंने बिहार के लिए कहा कि यादव, कुर्मी का बड़ा नेता बने तो कोई गुनाह नहीं। लेकिन यदि अकलियत का नेता उभरता है तो उन्हें तकलीफ होती है। कार्यक्रम को अमौर विधायक अख्तरुल ईमान ने भी संबोधित किया। वहीं जनसभा को सुनने काफी संख्या में लोगों की भीड़ पहुंची थी।
भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।




























