
डभरा । ग्राम पंचायत कटौद में क्रिकेट स्टेडियम के लिए प्रस्तावित सरकारी जमीन पर पेड़ों की कटाई कर राखड़ पाटा जा रहा है। सरपंच के इस कार्य पर ग्रामीणों में आक्रोश है। डभरा ब्लाक की ग्राम कटौद में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम को जेसीबी से खोद कर पावर प्लांट का राखड़ पाटा जा रहा है । इसमें नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है । मैदान में गड्ढा खोदकर राखड़ की पटाई हो रही है। यहां लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़क भी खराब हो रही है। वहीं दुर्घटना की भी आशंका बनी हुई है। खनिज विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारियों को इसकी परवाह नहीं है। ग्रामीणों में राखड़ पाटे जाने को लेकर आक्रोश है। ज्ञात हो कि क्षेत्र में कहीं भी बिना अनुमति पावर प्लांट का राखड़ डंप कर दिया जा रहा है। इससे गांवों में प्रदूषण फैल रहा है और गांव की जमीन भी अन उपजाऊ हो रही है। ग्रामीणों ने मैदान में राखड़ पाटे जाने का विरोध करते हुए इस पर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में लगातार राखड़ डंप किए जाने के बाद भी पर्यावरण विभाग इसकी सुध कभी नहीं लेता। इसके कारण सड़क किनारे, खेतों पर और नदी नालों के आसपास मनमानेढंग से राखड़ डंप कर दिया जाता है।






















