
ओटावा, १६ जून ।
कनाडा में 2.25 करोड़ कनाडाई डॉलर के सोने और नकदी की सबसे बड़ी चोरी के मामले में एयर कनाडा का पूर्व मैनेजर 31 वर्षीय भारतवंशी सिमरन प्रीत पनेसर अगले कुछ सप्ताह में सरेंडर कर सकता हैं। उसके वकील ग्रेग लाफोंटेन ने यह जानकारी देते हुए कहा कि पिछले वर्ष टोरंटो के पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई करोड़ों डॉलर की चोरी में वह वांछित है।ज्ञात हो कि 17 अप्रैल, 2023 को करोड़ों की सोने की छड़ें और विदेशी मुद्रा वाले एक एयर कार्गो कंटेनर से सबसे बड़ी चोरी की गई थी। स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से एयर कनाडा के विमान से इस कंटेनर में सोना और विदेशी मुद्रा टोरंटो के पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लाई गई थी। विमान लैंड होने के कुछ समय बाद कंटेनर को उतार कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। एक दिन बाद पुलिस को सोना और नकदी के गायब होने की सूचना दी गई। चोरी में संलिप्त एक भारतवंशी समेत छह लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जिस समय चोरी हुई थी, उस समय सिमरन भी एयर कनाडा में तैनात था, इसलिए उसके विरुद्ध भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। वकील ग्रेग ने पुलिस और क्रॉउन प्रॉसिक्यूटर से संपर्क कर बताया कि सिमरन कुछ सप्ताह में कनाडा लौटनेवाला है। हालांकि वकील ने यह नहीं बताया कि सिमरन कहां है।कंटेनर में सोने की 6,600 छड़ें थीं, जिनका वजन 400 किलोग्राम था। सोना दो करोड़ डॉलर से अधिक मूल्य का था। उसमें 25 लाख कनाडाई डॉलर की मुद्रा थी। पुलिस ने पहले जारी एक बयान में बताया था कि एक किलो सोना और 434000 कनाडाई डॉलर की मुद्रा बरामद कर ली गई है।

















