कबाड़ में परिवर्तित हुआ ओपन जीम का सामान, अब कबाडिय़ों की नजर

जांजगीर । नगर के बीडीएम गार्डन में इन दिनों ओपन जिम करने वाले लोगों को मिट्टी-मलबा के ढेर का सामना करना पड़ रहा है। ओपन जिम के चारों ओर मिट्टी का ढेर डंप कर दिया गया है। ऐसे में ओपन जिम का उपयोग करना लोगों को मुसीबतों भरा लग रहा है। लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर ओपन जिम परिसर को डंपिंग यार्ड क्यों बना दिया गया है। गौरतलब है कि शहर के बीडीएम गार्डन के अंदर ओपन जिम का निर्माण कराया गया है जो इन दिनों मिट्टी डंपिंग यार्ड की तरह नजर आ रहा है। क्योंकि पूरे परिसर में जगह-जगह मिट्टी का ढेर लगाकर छोड़ दिया गया है। ऐसे में सुबह-शाम गार्डन में ओपन जिम में पहुंचने वाले लोगों के लिए यह मुसीबत साबित हो रही है। ओपन जिम पहुंचने तक रास्ता नहीं है। दरअसल, बताया जा रहा है कि ओपन जिम परिसर बारिश के दिनों में कीचड़ में तब्दील हो जाता है। ऐसे में पूरे परिसर में मिट्टी फिलिंग की जाएगी। इसके लिए यहां मिट्टी का ढेर लगाया जा रहा है। इसके लिए पहले ओपन जिम में लगे सारे सामानों को पहले निकाला जाएगा। फिर मिट्टी फिलिंग का समतलीकरण होगा। जिसके बाद फिर से ओपन जिम के सामानों को लगा दिया जाएगा। बहरहाल जब तक यह काम नहीं हो पाएगा तब तक लोगों को अभी असुविधाओं का सामना करना पड़ेगा। बीडीएम गार्डन में पहुंचने वाले लोगों को इन दिनों बैठने के लिए कुर्सियां भी नसीब नहीं हो पा रही है। बीडीएम गार्डन का सौंदर्यीकरण कराने के बाद निकाली गई कुर्सियों को दोबारा आज तक नहीं लगाया गया है। कुर्सियां कहीं पेड़ों के चबूतरों के पीछे पड़े-पड़े जंग खा रही है तो कही मलबे के किनारे पड़ी हुई है। हजारों रुपए खर्च कर लगाई गई कुर्सियां बिना उपयोग ही खराब हो रही है लेकिन कुर्सियों को गार्डन में कहीं लगाने जिम्मेदारों के द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा।

RO No. 13467/11