
बिश्रामपुर। करमपुर जंगल मे शनिवार की शाम को प्रेमी युगल जोड़े का शव बरगद पेड़ की डंगाल में एक साथ लटके मिलने के मामले में किशोरी के स्वजनो द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद रविवार को वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी की उपस्थिति में दोनों शवों को पेड़ की डंगाल से उतारकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में वस्तु स्थिति का पर्दाफाश होगा। प्रथम दृष्टया स्पष्ट रूप से मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है। विश्रामपुर थाना क्षेत्र के करमपुर जंगल के बरगद पेड़ की डंगाल में एक साथ प्रेमी युगल जोड़े का शव फांसी में लटके होने की सूचना शनिवार शाम को पुलिस को मिली थी। टीआइ अलरिक लकड़ा तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उसी दौरान लुंड्रा के उदारी गांव से पहुंचे मृतक किशोरी के परिजनों ने घटनास्थल को देखकर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया। इसकी वजह से पुलिस ने पेड़ के डंगाल में लटके शवो को नीचे नहीं उतारा था। बताया गया कि थाना क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोर का लुण्ड्रा थाना क्षेत्र निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबन्ध था। 14 नवंबर को किशोर अपनी प्रेमिका से मिलने ग्राम उदारी गया था। उसी दौरान किशोर को किशोरी के परिजनों ने उन्हें एक साथ पकड़ लिया था। उसके बाद किशोर के परिजनों के वहां पहुंचने पर नाराजगी का इजहार करते हुए किशोरी के परिजनों ने समाज में बदनामी होने की बात करते हुए किशोर के स्वजनो को बुलाकर बकिरमा गांव में पंचायत कर किशोरी को उसके प्रेमी के साथ परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। उसके बाद अपने गांव वापस आने के पश्चात दो दिन पूर्व किशोर नाबालिक प्रेमिका के साथ घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। शनिवार की शाम को दोनों का शव करमपुर जंगल स्थित बरगद पेड़ की डंगाल में एक ही चुनरी में फांसी लगे हालत में लटकने की सूचना बिश्रामपुर पुलिस को मिली थी। इधर सूचना मिलने पर मृतक किशोरी के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किशोरी की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा मचाया और मामले के निष्पक्ष जांच की मांग की। स्वजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने फांसी लगे हालत में लटक रहे दोनो के शव को नीचे नही उतारा था।





























