
बेंगलुरू, २८ अक्टूबर ।
कर्नाटक के मंत्री एमबी पाटिल ने शुक्रवार को कहा कि विजयपुरा जिले का नाम 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर (बसवन्ना) के नाम पर रखने की मांग की जा रही है और पूरे कर्नाटक राज्य का नाम बदलकर बसव नाडु (बसवों की भूमि) करने में कुछ गलत नहीं है। उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कुछ दिन पहले रामनगर जिले का नाम बदलकर बेंगलुरु दक्षिण करने का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद राज्य के लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री पाटिल ने यह टिप्पणी की है।पाटिल ने कहा, होयसल काल के दौरान इस क्षेत्र को विजयपुरा के नाम से जाना जाता था। फिर आदिल शाही वंश के शासन में यह बीजापुर बन गया। इसके बाद इसका नाम बदलकर विजयपुरा कर दिया गया। अब कई लोगों ने मांग की है कि जिले का नाम बसवेश्वर किया जाना चाहिए।यह स्वाभाविक है क्योंकि जिला बसवन्ना का जन्मस्थल है।
पाटिल ने कहा कि बसवन्ना ने ही दुनिया की पहली संसद अनुभव मंतपा स्थापित की थी। हम कहते रहते हैं कि हमारी भूमि बसव नाडु बननी चाहिए और हमें बसव संस्कृति को अपनाना चाहिए। केंद्र सरकार ने 2014 में कर्नाटक की राजधानी बेंगलोर का नाम बेंगलुरु करने समेत कर्नाटक के 12 शहरों के नाम बदलने की मंजूरी दी थी। इसके बाद बीजापुर को विजयपुरा के नाम से जाना जाने लगा।