
बिश्रामपुर। एसईसीएल के भटगांव क्षेत्र में दो लाख रुपये से कम लागत से कराए जाने वाले मशीनी उपकरणों के कलपुर्जो के मरम्मत कार्यो में गड़बड़ी का मामला प्रकाश में आया है। मामले की शिकायत पर जांच शुरू करते हुए विजिलेंस विभाग ने एसईसीएल के समस्त क्षेत्रो के महाप्रबन्धको को पत्र प्रेषित कर निर्धारित समय सीमा में कराए गए मरम्मत संबंधी वर्क आर्डर का विवरण मांगा है। ज्ञात हो कि नियमो के विपरीत करोड़ो रुपये के मशीनी उपकरणों के कलपुर्जो की खरीदी के अनेक मामलों में पीएमओ के निर्देश पर भी जांच जारी है। एक साथ कई घोटाले के सामने आने व इसमें जांच शुरू होने से प्रबंधन में खलबली मची हुई है। एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में नियमो को ताक पर रखकर मशीनी उपकरणों के कलपुर्जो की करोड़ो में खरीदी की शिकायत के बाद अब दो लाख रुपये से कम लागत में मैनुअली टेंडर के जरिए गड़बड़झाला कर मशीनी उपकरणों के कलपुर्जो का मरम्मत कार्य कराए जाने का मामला प्रकाश में आया है।




























