कलेक्टर ने कहा- जमीन घोटाले, अनुपस्थित कर्मियों और ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई

कोरिया बैकुंठपुर। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने शासकीय कार्यों में अनियमितताओं और लापरवाही पर सख्त निर्देश जारी किए।
जमीन घोटालों पर कार्रवाई
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और अनाधिकृत नामांतरण कराने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन को बचाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को पूरी जवाबदेही निभानी होगी।
लापता कर्मियों की होगी बर्खास्तगी
लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बार-बार नोटिस के बावजूद अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। ऐसे कर्मियों के खिलाफ बर्खास्तगी की अनुशंसा भी की जाएगी।
ठेकेदारों से होगी वसूली
जल जीवन मिशन के तहत सडक़ों की खोदाई करने के बाद मरम्मत न कराने वाले ठेकेदारों से राशि वसूलने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने का आदेश भी दिया।
धान खरीदी प्रक्रिया में तेजी,
धान खरीदी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विपणन अधिकारियों और राइस मिलर्स को उठाव प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। साथ ही, ऑनलाइन अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शासकीय आवासों का दुरुपयोग रोका जाएगा
कलेक्टर ने कहा कि शासकीय आवासों में अनाधिकृत रूप से रह रहे या व्यवसाय संचालित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महिला और बाल विकास पर फोकस
महतारी वंदना योजना के तहत लाभार्थियों के नाम और पते का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को ही योजना का लाभ मिले।
राजस्व मामलों में सख्ती
बंटवारा, नामांतरण और फौती जैसे प्रकरणों का समय-सीमा में निपटारा न होने पर कलेक्टर ने तहसीलदारों पर नाराजगी व्यक्त की और इन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में सुनीं 51 समस्याएं
आज जनदर्शन कार्यक्रम में 51 आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

RO No. 13467/10