
कोरबा। भाजपा के संगठन चुनाव शुरू हो गए हैं। जिसके तहत चुनाव अधिकारी मंडलों में जाकर बैठक ले रहे हैं। कल हरदीबाजार मंडल में चुनाव अधिकारी राजेंद्र पांडेय कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे और शक्ति केंद्रों के प्रभारियों को दिशा निर्देश देंगे। बूथों में चुनाव कराने के लिए दिशा निर्देश दिए जाएंगे। मंडल के अध्यक्ष हरीश थरवानी ने बताया कि बैठक की जानकारी कार्यकर्ताओं को दे दी गई है। 18 नवंबर को उरगा मंडल में चुनाव अधिकारी आकाश सक्सेना कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। अभी यहां पर रजिस्टर में नाम लिखने का काम लगातार जारी है। बूथ चुनाव के बाद मंडल अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। यहां पर कमलेश अनंत, हरीश साहू, किशन साव, मनोज धीरहे के नाम अध्यक्ष पद के लिए उभरकर सामने आए हैं। बांकीमोंगरा मंडल के चुनाव अधिकारी अशोक चावलानी के द्वारा भी कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर शक्ति केंद्र के प्रभारियों को दिशा निर्देश दिए गए। इसके बाद बूथों में प्रभारी जाकर कार्यकारिणी तैयार कर रहे हैं। यहां पर मंडल के अध्यक्ष मनीष मिश्रा, मुकुल कर्ष, लखन राठौर, हनुमान पांडेय सहित सभी कार्यकर्ता सक्रिय हैं। कटघोरा मंडल के चुनाव अधिकारी जोगेश लांबा ने भी कार्यकर्ताओं की बैठक ली और बूथ कार्यकर्ताओं के नाम लिखते हुए चुनाव कराने को कहा है। बूथों में कार्यकारिणी बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। ढोढ़ीपारा शक्ति केंद्र के चुनाव अधिकारी मनोरमा शर्मा भी सक्रिय हो गई हैं। उनके द्वारा बैठक लेकर बूथ में कार्यकारिणी तैयार की जाएगी। कोरबा मंडल में सुभाष राठौर, मंजू सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं को शक्ति केंद्रों में जवाबदारी दी गई है।






















